औरैया। शुक्रवार को दोपहर सदर तहसील के लेखपाल, कानूनगो व अन्य अधिकारी ग्राम पंचायत जनेतपुर के मजरा मिर्जापुर में नहर कोठी के समीप गोशाला की जमीन की नपाई करने पहुंचे। जहां उन्होंने भारी मात्रा में लकड़ी माफिया को सरकारी जमीन पर लगे हरे पेड़ों की लकड़ी काटते देखा। अधिकारियों ने उन्हें रोका और पुलिस को सूचना दी। तभी लकड़ी माफिया मौके से भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोडर व मौके से लकड़ी बरामद की। हालांकि इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकी है।
जानकारी के अनुसार तहसील सदर के निर्देश पर शुक्रवार को दोपहर कानूनगो प्रशांत शुक्ला तहसील के लेखपाल व पशु विभाग के अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत जनेतपुर के मजरा मिर्जापुर स्थित नहर कोठी पर गोशाला बनाने के लिए जगह की नपाई करने पहुंचे। तभी अधिकारियों ने पाया कि सरकारी जमीन पर लगे बबूल, नीम, शीशम, यूकेलिप्टस के हरे पेड़ लकड़ी माफियाओं द्वारा काटे जा रहे थे।
कुछ पेड़ों की लकड़ी लोडर से ले जाई जा रही थी। यह देख अधिकारियों ने उन्हें रोका और पूछतांछ शुरू की। पहले तो लकड़ी माफियाओं ने अपनी जमीन बताई और 40 हजार रुपये में पेड़ खरीदे जाने की बात कही। जब लेखपाल ने पैमाइश शुरू की तो लकड़ी माफिया मौके से भाग निकले। भारी मात्रा में लकड़ी पकड़े जाने की जानकारी कानूनगो प्रशांत ने तहसीलदार औरैया और सदर कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोडर समेत लकड़ी को अपने कब्जे में लिया। काननूगो प्रशांत शुक्ला ने बताया कि गांव में गोशाला के लिए जमीन की पैमाइश करने के लिए वे लोग गए थे। मौके पर सरकारी जमीन पर लगे हरे पेड़ों को माफिया लकड़ी काटते दिखे। इधर कोतवाली प्रभारी आलोक दुबे ने बताया कि लोडर समेत लकड़ी को जब्त किया गया है। अभी तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। तहरीर मिलते ही लकड़ी माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।