औरैया। शहर में बाइकर्स गैंग की धमाचौकड़ी बरकरार है। मंगलवार को बाइक सवार लुटेरों ने योग सीखकर लौट रही एक महिला की सोने की चेन लूट ली और भाग निकले। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने एक स्टडी सेंटर पर लगे सीसीटीवी से फुटेज लेकर बाइक सवार लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। एक सप्ताह में बाइकर्स गैंग ने लूट की यह दूसरी वारदात अंजाम दी है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवार खड़े हो रहे हैं। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
शहर के मोहल्ला तिलक नगर दक्षिणी निवासी शकुंतला गुप्ता पत्नी कमलेश कुमार गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह लगभग 5:30 बजे रोज की भांति वह जिला अस्पताल में संचालित योग क्लास के लिए गई हुईं थी। जहां से वह 7:10 बजे अपने घर केे लिए वापस जा रहीं थीं। जैसे ही वह तिलक नगर स्थित टाटा मोबाइल के टावर के पास पहुंची ही थी कि तभी काले रंग की पल्सर बाइक सवार दो व्यक्ति उसके पास आए और उसके गले में पड़ी सोने की चेन छीनकर भाग गए। पीड़िता ने बताया कि इससे पहले कि वह शोर मचाकर लोगों को एकत्रित कर पाती बाइक सवार लुटेरे भागने में सफल रहे। उधर घटना के संबंध में पीड़िता ने यूपी 100 पुलिस को फोन से सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
जहां पुलिस ने घटना स्थल से थोड़ी ही दूर स्थित एक स्टडी सेंटर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई बाइक सवार लुटेरों के फुटेज लेने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि लगभग पांच दिन पहले जालौन चौराहे के पास सड़क पार कर रहे एक टूरिस्ट बस के कंडक्टर से बाइकर्स गैंग के चार बदमाशों ने चेन और पंद्रह सौ रुपये लूट लिए थे। बाद में लोगों ने तीन लुटेरों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। हालांकि पकड़े गए लुटेरों से पुलिस ने लूटी गई चेन व रुपये बरामद नहीं कर पाई थी। इसमें पुलिस फरार हुए चौथे लुटेरे को अभी तक पकड़ नहीं सकी है।कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।