औरैया। जिले के पब्लिक रेस्पांस व्हीकल के सिपाहियों को एक सहयोगी के भांजे के जन्म कार्यक्रम का आनंद लेना महंगा साबित हुआ। मस्ती में नाचते-गाते वीडियो के वायरल होते ही सभी सिपाहियों को रिजर्व में भेज दिया गया है। एसपी ने वीडियो की जांच सीओ सिटी को सौंपकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। जिले में औरैया से अजीतमल रूट पर पब्लिक रेस्पांस व्हीकल नंबर 778 के चालक ब्रजेश की बहन को एक पखवारे पहले बेटा हुआ था।
इसी को लेकर गाड़ी पर तैनात सिपाही कुलदीप, सुबोध आदि ने औरैया-अजीतमल के बीच रास्ते के किसी गांव में सिपाही ब्रजेश की ओर से खुशी में दी गई पार्टी का मजा लिया था। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने वर्दी में नाच-झूम रहे सिपाहियों का वीडियो बना लिया। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि उनके पास चार दिन पहले वीडियो आ गया था।
इस मामले में पीआरवी 778 पर तैनात सभी सिपाहियों को रिजर्व में भेज दिया गया है। सभी से जवाब भी तलब किए गए हैं। इस मामले में एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि सिपाहियों के नाचने का वीडियो उनके संज्ञान में आ गया था। उन्होंने सीओ सिटी को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।