कायमगंज (फर्रुखाबाद)। डेढ़ माह पूर्व स्कूल जाते समय लापता छात्र दिल्ली में एक होटल पर काम करते हुए मिल गया। परिजन दिल्ली से छात्र को लाकर कोतवाली पहुंचे। पिता ने छात्र के अपहरण होने का मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लखनपुर निवासी रामपाल का 15 वर्षीय पुत्र अंकित रामदशर्नीय राजकीय इंटर कालेज भटासा में हाईस्कूल का छात्र है। 31 जुलाई को वह साइकिल से स्कूल पढ़ने गया था। तभी लापता हो गया था। उसकी साइकिल रेलवे स्टेशन के स्टैंड पर खड़ी मिली थी। परिजनों ने उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने कोतवाली गेट पर धरना दिया था जिसमें एक वकील के मुंशी से कहासुनी हो जाने पर मारपीट हो गई थी। छात्र के पिता रामपाल व उसके चाचा ने खोजबीन की। लेकिन कोई सुराग नही लगा।
दो दिन पूर्व होटल मालिक के मोबाइल से घर पर फोन आया। तब परिजनों को छात्र के दिल्ली में होने की जानकारी मिली। पिता व उसके चाचा अंकित को दिल्ली से ले आए। मंगलवार को वह उसे लेकर कोतवाली पहुंचे। छात्र ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से घर से नाराज होकर दिल्ली चला गया था। इस मामले में बाल कल्याण समिति न्याय पीठ के अध्यक्ष डा. संजीव गंगवार कोतवाली पहुंचे। उन्होंने छात्र से पूछताछ की।