अमर उजाला ब्यूरो
कदौरा (जालौन)। हेमनपुर मौरंग खदान के पास एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर बदमाशों ने 30 हजार रुपये की लूट लिए। चालक ेखदान से ट्रक में मौरंग भरने जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया और चालक व क्लीनर को ट्रक में बंधक बनाकर मारपीट की। चालक की सूचना पर खदान कर्मियों ने आस पास देखा, लेकिन कोई नहीं मिला। घटना की जगह लगे सीसीटीवी कैमरे में एक बदमाश कैद हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
कानपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के धमुरिया गांव निवासी ट्रक चालक सुमित कुमार पुत्र दिनेश कुमार बुधवार की सुबह ट्रक लेकर कदौरा क्षेत्र के हेमनपुरा गांव स्थित मौरंग खदान से मौरंग लेने जा रहा था। उसके साथ ट्रक का क्लीनर नरेंद्र भी था। वह ट्रक लेकर जब हेमनपुर खदान के पास पहुंचा बाइक सवार दो युवक उसके ट्रक के आगे आकर रुके। उन लोगों ने इशारा कर ट्रक रुकवाया। सुमित के ट्रक रोकते ही वह दोनों ट्रक पर चढ़ गए और सुमित व क्लीनर नरेंद्र के हाथ बांधते हुए उनसे रुपये की मांग करने लगेे।
उन लोगों ने रुपये होने से इंकार किया तो उनके साथ बेहरमी से मारपीट कर दी, जिससे वह लोग चुटिहल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने सुमित की पैंट की जेब में पड़े 30 हजार रुपये छीनते हुए उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। बदमाशों के आने के बाद चालक ने खदान कर्मचारियों को लूट की बात बताई। वह लोग दौड़कर आए और बाइकों से आस पास ढूंढना शुरू किया, लेकिन बदमाश उन्हें नहीं मिले। इसके बाद उन लोगों ने खदान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे, जिसमें एक बदमाश भागते हुए नजर आ गया। इसके बाद सुमित ने थाने पहुंच कर अपने साथ हुई लूट की तहरीर दी। पुलिस की एक टीम तुरंत बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में निकल गई।
......................
-कदौरा के हेमनपुरा खदान के पास की घटना
-सीसीटीवी में कैद हुआ एक लुटेरा, तहरीर दी