अयाना (औरैया)। ससुर के पास रेहन रखी अंगूठी छुड़ाने के लिए जमीन गिरवी रखने जा रहे युवक को पत्नी ने ऐसा करने से मना किया। इस पर क्षुब्ध होकर युवक ने मिट्टी का तेल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। पत्नी की सूचना पर यूपी डायल 100 नंबर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और धारा 151 के तहत कार्रवाई कर चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, अयाना थाना क्षेत्र के प्रेमनगर मोहल्ला निवासी सोमदत्त पुत्र परमेश्वरी दयाल ने ससुर के पास सोने की अंगूठी गिरवी रखकर दस हजार रुपये लिए थे। अंगूठी छुड़ाने के लिए सोमदत्त मंगलवार को अपनी सवा बीघा जमीन गांव के एक व्यक्ति के पास गिरवी रखने के लिए जा रहा था। इस बात का पता उसकी पत्नी को चला तो उसने ऐसा करने से मना किया।
इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और गुस्साए सोमदत्त ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आत्महत्या की कोशिश की। समय रहते पत्नी ने डायल 100 पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सोमदत्त को हिरासत में ले लिया। थाना के एसआई योगेंद्र सिंह ने उसका धारा 151 के तहत चालान कर दिया।
-ससुर के पास रेहन रखी अंगूठी छुड़ाने को जमीन रख रहा था गिरवी जमीन
अमर उजाला ब्यूरो