अजीतमल (औरैया)। सोमवार को सेंट्रल बैंक में पहुंचे खाद्य एवं रसद विभाग के मार्केटिंग इंस्पेक्टर के साथ युवकों ने गालीगलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी ने भाजपा नेता के पुत्र के अलावा चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सोमवार को मार्केटिंग इंस्पेक्टर धान खरीद केंद्र प्रभारी अभिनव श्रीवास्तव कस्बे में स्थित सेंट्रल बैंक आए थे। बताया कि वह जैसे ही बैंक के बाहर पहुंचे तभी कार सवार एक व्यक्ति उनसे गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर युवक ने मारपीट शुरू कर दी। अभिनव ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी और चिराग पुत्र पिंकी व उसके चार साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि आरोपी उनका धान खरीदे न जाने पर आक्रोश जता रहे थे।
केंद्र प्रभारी ने बताया कि ये लोग कभी उनके केंद्र पर धान लेकर पहुंचे नहीं तो फिर उनका धान न खरीदे जाने की बात समझ में नहीं आ रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे की हालत में थे। उन्होंने उनको जमकर पीटा तथा सड़क पर कपड़े पकड़कर बुरी तरह से घसीटा भी। उन्होंने किसी तरह से वहां से भागकर बैंक में अंदर पहुंचकर अपनी जान बचाई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी बलिराज शाही ने बताया कि घटना की तहरीर मिलने के बाद एक आरोपी नामजद के अलावा चार अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पिंकी सिंह को भाजपा का पदाधिकारी बताया गया है।
-भाजपा नेता के पुत्र समेत पांच लोगाें पर रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो