अयाना(औरैया)। प्रेम प्रसंग के चलते ससुराल में साली के साथ मिलकर पत्नी की हत्या करने का शक होने पर पुलिस ने जीजा-साली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या एक जनवरी को हुई थी हालांकि मृतका के पिता ने सोमवार को खुद अपनी बेटी और दामाद पर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
अयाना थाना क्षेत्र के गांव छिदामीपुर निवासी श्रीचंद्र ने अपनी छोटी बेटी रजनी और इटावा जिले के सैफई में ककरई गांव निवासी दामाद नरेंद्र पाल के खिलाफ बड़ी बेटी सुषमा की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता ने बताया कि एक जनवरी की रात वह गांव में कीर्तन सुनने गया था। घर पर बड़ी बेटी सुषमा(30) व छोटी बेटी रजनी के अलावा दामाद नरेंद्र पाल था। देर रात घर लौटने पर वह कमरे में जाकर सो गया।
सुबह उठने पर सुषमा का शव दूसरे कमरे में पड़ा मिला, उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पिता ने पुलिस को बताया कि दामाद और उसकी छोटी बेटी रजनी के बीच अवैध संबंध थे। नरेंद्र पाल आए दिन सुषमा के साथ मारपीट करता था। मारपीट से तंग आकर सुषमा दीपावली के करीब अपने दोनों बेटों शैंकी (5) और शनि (2) के साथ मायके छिदामीपुर आकर रहने लगी थी।
एक जनवरी की रात नरेंद्र पाल ने रजनी के साथ मिल कर सुषमा की हत्या कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीकेश भारती ने बताया कि आरोपी बेटी और दामाद पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी।