अजीतमल (औरैया)। आर्थिक तंगी के चलते युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। रविवार सुबह जब परिजन सोकर उठे तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस पहुंची और जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शास्त्री नगर, बाबरपुर निवासी आर्यन गुप्ता (28) उर्फ गोलू पुत्र राकेश गुप्ता मूंगफली का कारोबार करते थे। परिवार में पत्नी सपना और छह माह का बेटा रेहान है। उसके मामा संजय ने बताया कि आर्यन के पिता कानपुर में रहते थे। जबकि वह परिवार समेत उनके साथ रहता था। कारोबार ठीक से न चलने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसने अपने दोस्त से ब्याज पर रुपये लिए थे। शनिवार रात दोस्त ने पैसे मांगे थे। इसके बाद से ही आर्यन तनाव में था। रविवार सुबह उसने चादर से फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
पत्नी सपना जब कमरे में पहुुंची तो पति के शव को लटका देखा। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि परिजनों से बातचीत में आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या करने की बात सामने आई है। मामा संजय ने बताया कि आर्यन की शादी 28 नंवबर 2019 को हुई थी। आने वाली 28 नंवबर को शादी की सालगिरह थी, इस कारण सपना बेहद खुश थी। लेकिन उसे नहीं मालूम था कि शादी की सालगिरह के 14 दिन पहले ही जीवन भर साथ रहने वाला पति उसका साथ हमेशा के लिए छोड़ देगा।