मुरादगंज(औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास शुक्रवार को छात्रा को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोपी का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
फफूंद थाना क्षेत्र के तुलसीपुर निवासी जयप्रकाश की पुत्री अनुपम का शव बुधवार को कमरे में फंदे पर लटका मिला था। इस मामले में जयप्रकाश ने बाबरपुर कस्बे में किराए के मकान में रह रहे आगरा के कुंडौली निवासी रामसेवक पर पुत्री से छेड़छाड़ करने और जबरन परेशान करने का आरोप लगाया था। साथ ही कहा था कि रामसेवक की हरकतों से परेशान होकर बेटी ने आत्महत्या की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण की रिपोर्ट दर्ज की थी।
शुक्रवार को रामसेवक का रसूलपुर गांव के पास एक पेड़ से फंदे पर शव लटका मिला। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अनुपम से प्रेम संबंध होने और आत्महत्या किए जाने की बात लिखी है। साथ ही लिखा है कि पुलिस परिजनों को परेशान न करें। अजीतमल कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।