दिबियापुर (औरैया)। गांव गहेसर के चार लोगों पर घर में घुसकर छेड़छाड़ का मुकदमा लिखे जाने से आक्रोशित ग्रामीण बुधवार को दिबियापुर थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने मुकदमे को फर्जी बता समाप्त करने की मांग की है।
थाने पहुंचे गहेसर के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने गांव के अर्पित यादव, संदीप, विपिन, संजू यादव के खिलाफ घर में घुसकर पत्नी से छेड़खानी की रिपोर्ट लिखा दी है। ग्रामीणों ने बताया कि चारो लोग गांव के शांतिप्रिय व्यक्ति हैं।
रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला के पति ने नौ अगस्त को संदीप से रुपये मांगे थे। संदीप ने जब मना किया तो हाथापाई कर दी थी। इसके बाद महिला के पति ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। गहेसर से पहुंचे ग्रामीणों ने मांग की कि दिबियापुर थाने में दर्ज झूठे मुकदमे को समाप्त किया जाए।
इस मामले में दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक आलोक दुबे का कहना है कि गांव के कुछ लोगों को बयान के लिए बुलाया गया था। लेकिन काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए थे। कुछ ग्रामीणों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। ग्रामीणों को निष्पक्ष विवेचना का आश्वासन दिया है।