अजीतमल (औरैया)। जिला पंचायत इंटर कालेज के क्लर्क के रविवार को कोतवाली क्षेत्र के रतनीपुर के पास सड़क के किनारे झुलसा हुआ मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। क्लर्क के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कालेज के प्रधानाचार्य और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पिता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि प्रधानाचार्य ने ही उनके बेटे को मिट्टी का तेल डालकर जलाया है।
इटावा जिले के भरथना कस्बे के कृष्णा नगर निवासी महिपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र ब्रजेश यादव मुरादगंज कस्बा स्थित जिला पंचायत इंटर कालेज में बतौर क्लर्क तैनात है। पांच दिसंबर को ड्यूटी पर गया था। दोपहर करीब 3:20 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद प्रधानाचार्य प्रमोद यादव ने जानबूझ कर उसे रोक लिया। शाम को कहा कि रात्रि में यहीं रुक जाओ। स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा बरती गई अनियमिताओं की जांच चल रही है।
प्रधानाचार्य को आशंका है कि जांच क्लर्क बृजेश द्वारा की गई शिकायतों पर ही जांच हो रही है। पांच दिसंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे प्रमोद यादव ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर स्कूल में ही बृजेश के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। स्कूल से दो किमी दूर ले जाकर रतनीपुर गांव के पास फेंक दिया। छह दिसंबर को मेरे छोटे पुत्र पुष्पेंद्र कुमार के नंबर पर कॉल आई और बताया कि बृजेश कुमार का एक्सीडेंट हो गया है। हम लोग वहां पहुंचे तो पुत्र बृजेश 80 प्रतिशत जली हुई अवस्था में मौके पर पड़ा था।
वह उसे जिला अस्पताल इटावा ले गए, वहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। इसके बाद उसे निजी चिकित्सालय जेके हॉस्पिटल ले गया। वहां होश आने पर उसने बताया कि प्रधानाचार्य ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ जान से मारने की नियत से मेरी हत्या करनी चाही। कोतवाली प्रभारी विनोद शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
कस्बा मुरादगंज स्थित जिला पंचायत इंटर कालेज में तैनात क्लर्क के साथ हुई मारपीट व मिट्टी का तेल डालकर जलाने के मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपू सिंह ने प्रधानाचार्य प्रमोद यादव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि अगर समय से जबाब नहीं मिलता है तो आपके विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।