औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव सरैया निवासी युवक के खंडहर में मिले शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बताया कि युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की है। हालांकि इस मामले में परिजनों की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
गांव सरैया निवासी टिंकल (28) पुत्र भगवान सिंह का शनिवार को पुराने खंडहर से पुलिस ने फंदे पर लटका शव बरामद किया था। इस मामले में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होना पाया गया है। घटना के संबंध में इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह राठौर ने बताया कि युवक का किसी लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसमें उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
उन्होंने बताया कि मृतक जिला पंचायत अध्यक्ष दीपू सिंह की कार चलाता था। जहां से एक माह पहले नौकरी छोड़कर अछल्दा-बिधूना मार्ग पर सीमेंट-मौरंग, गिट्टी की दुकान कर ली थी। बताया कि इस प्रकरण में परिजनों की ओर से न तो कोई तहरीर दी गई है और न ही किसी पर कोई आरोप लगाया गया है।