औरैया। महिला के साथ मारपीट के मामले में आरोपी पति को कोतवाली बुलाकर पूछताछ के दौरान बात बढ़ गई। इस बीच आरोपी कलक्ट्रेट कर्मचारी व दरोगा में मारपीट हो गई। मारपीट में आरोपी के नाक में चोट लगने से खून बहने लगा। इस पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोहल्ला तिलक नगर निवासी विमलेश ने शुक्रवार को दोपहर कलक्ट्रेट कर्मी पति सुनील कुमार पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। ब्रह्मनगर चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह से पीड़िता विमलेश ने अपनी परेशानी बयां की। इस पर पुलिस ने पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। इस बीच पीड़िता के पति सुनील को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया।
बातचीत के दौरान सुनील व दरोगा बलवीर सिंह के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों में हाथापाई होने लगी। इसी बीच धक्का-मुक्की के दौरान सुनील के नाक पर चोट लग गई। नाक से खून बह निकला। खून निकलते देख कोतवाली में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घायल सुनील को 50 शय्या अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी होते ही एसडीएम सदर रमेश चंद्र यादव ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में एसपी सुनीति ने बताया कि मामला अभी पूरी तरह से संज्ञान में नहीं आया है। फिर भी मामले की जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।