बेला (औरैया)। पांडव नदी में रविवार को लगभग 38 वर्षीय युवक का शव मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक के दोनों हाथ चुनरी से बंधे मिले हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बेला थाना क्षेत्र स्थित बेला-कन्नौज मार्ग पर स्थित पांडव नदी के पास से निकल रहे ग्रामीणों ने नदी में एक युवक का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की काफी कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लिए। थानाध्यक्ष पप्पू सिंह ने बताया कि शव गल चुका है। शरीर पर फटे हुए नीले रंग के अंडरगारमेंट्स है। दोनों हाथ चुनरी से बंधे हुए थे। नदी में पानी कम होने से शव कही से बहकर आने की कोई संभावना नहीं है। वहीं, ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। इसके पीछे ग्रामीणों का तर्क है कि नदी में इस समय पानी कम है, ऐसे में डूबने से मौत का सवाल नहीं उठता।