अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के फूटा कुआं के पास स्थित बाबा दयाल ईंट-भट्ठे पर गुरुवार को निकासी का काम करने वाले थरी थाना भर्थना निवासी युवक नौशाद अली उर्फ सिंटू (35) पुत्र बंदे अली का शव उसकी झोपड़ी में लटका मिला। पत्नी रेशमा उर्फ गुड़िया ने बताया कि मृतक शराब पीकर तीन चार दिन से उसके साथ मारपीट कर रहा था।
बुधवार की रात को भी मृतक ने अपने साथियों के साथ शराब पी। देर शाम को घर लौटने के बाद फिर बाहर चला गया। देर रात घर लौटा। उसकी पत्नी व बच्चे व अन्य झोपड़ी के लोग अपनी-अपनी झोपड़ी के सामने चारपाई व ईंटो पर ही सो रहे थे। सुबह जब मृतक की पत्नी जागी और अपनी झोपडी़ में गई तो पति का शव झोपड़ी में लगे बांस पर दुपट्टे से लटकता मिला। पत्नी व बेटे इरफान (10) जीशान (7) तथा बेटी (2) का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के पिता बंदे अली ने घटना की लिखित तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई है। क्षेत्राधिकारी कमलेश नरायन पांडेय, चौकी इंचार्ज चंद्रिका प्रसाद व फॉरेसिंक टीम से आनंद सिंह व दीपक कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।