औरैया। सदर ब्लॉक के ग्राम रसूलपुर हुलासराय में एक पात्र को दो बार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया। यह लाभ ब्लॉक के पटल सहायक, प्रधान और सेक्टर प्रभारी के सहयोग से दिया गया। इसकी जानकारी होने पर गुरुवार को खंड विकास अधिकारी सदर ब्लॉक ने सरकारी धन का दुरुपयोग करने की रिपोर्ट सदर कोतवाली में दर्ज कराई।
गुरुवार की देर शाम कोतवाली पहुंचे ब्लॉक प्रमुख सदर सौरभ भूषण शर्मा और खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2018-19 में राजाबेटी पत्नी रामचंद्र अनुसूचित जाति निवासी ग्राम रसूलाबाद-हुलासराय का आवास स्वीकृत कर एक लाख 20 हजार रुपये का भुगतान किया गया।
उन्होंने बताया कि इसी पात्र राजाबेटी को वर्ष 2012-13 में इंदिरा आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत कर 45 हजार रुपया दिया गया था। इस प्रकार राजाबेटी ने दो बार आवासीय सुविधा से तत्कालीन पटल सहायक हसमत उल्ला खां उर्दू अनुवादक सह प्रधान सहायक विकास खंड औरैया, सेक्टर प्रभारी रमेश बाबू पाल सहायक विकास अधिकारी कृषि, प्रधान राम बहादुर पुत्र अशर्फीलाल निवासी ग्राम रसूलपुर हुलासराय की मिली भगत से लाभान्वित किया गया, जिससे एक लाख 20 हजार रुपये की धनराशि का दुरुपयोग किया गया है।
ब्लाक प्रमुख सौरभ भूषण शर्मा ने बताया कि शासन की किसी भी योजना की धनराशि का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। पात्रों को लाभ दिलाने में जिम्मेदार अपनी अहम भूमिका निभाएं, यदि कोई कर्मचारी इसमें लापरवाही बरतता है या फिर सरकारी धन का दुरुपयोग करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर कोतवाली पुलिस ने बताया कि खंड विकास अधिकारी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।