दिबियापुर (औरैया)। रामगढ़ शराब के ठेके के पास रविवार की शाम शराब पीकर हंगामा करने के बाद आरोपियों ने पुलिस के साथ मारपीट की। पुलिस की पकड़ में आए चार में से एक आरोपी को आरोपियों ने छुड़ा लिया। हरचंदपुर चौकी इंचार्ज की तहरीर पर आठ नामजद एवं 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। तीन आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। मारपीट की इस घटना में होमगार्ड घायल हुआ है।
हरचंदपुर चौकी इंचार्ज अमित राठौर ने दिबियापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्हें रविवार शाम सूचना मिली थी कि रामगढ़ शराब के ठेके के पास 20-25 लोग हंगामा कर रहे हैं। मौके पर पहुंचा तो देखा कि नितिन राजपूत निवासी सकटू पुरवा, दिलीप उर्फ दिवारीलाल निवासी हरचंदपुर, भानू सेंगर निवासी रामगढ़, सोनू ठाकुर उर्फ जितेंद्र निवासी रामगढ़, हरीओम राजपूत निवासी ग्राम चांवरपुर अजीतमल, राजवीर निवासी रामगढ़, शिवम उर्फ बाला निवासी झपटियापुर, रंजीत राजपूत निवासी अज्ञात एवं 15-20 अन्य गाली गलौज एवं हंगामा कर रहे थे। उन्हें रोका तो आरोपी हमलावर हो गए और पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला किया।
पुलिस ने नितिन राजपूत, दिलीप, भानू सेंगर एवं सोनू को पकड़ लिया। इस पर शेष अन्य आरोपी हंगामा करने लगे और पकड़े गए आरोपियों को छुड़ाने लगे। इस बीच एक आरोपी सोनू ठाकुर को उसके साथी छुड़ा ले गए। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के अनुसार मारपीट की इस घटना में होमगार्ड रामनारायण घायल हुआ है। उसका उपचार कराया गया है।
हरचंदपुर चौकी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पकड़े गए तीन आरोपियों को जेल भेजा गया है। इधर, रामगढ़ स्थित बियर ठेका विक्रेता नीतू पुत्र मुकेश कुमार निवासी लालगांव रसूलाबाद कानपुर देहात ने नितिन राजपूत, सोनू सेंगर व अन्य आए और जबरन घुसकर दुकान के अंदर से दो पेटी बियर निकालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।