औरैया। युवक-युवती की हत्या की जांच में जुटीं पुलिस की चारों टीमों के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। दो टीमें गुरुग्राम में सुराग तलाश रही हैं। इन टीमों ने रास्ते में पड़ने वाले टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। अभी तक की पड़ताल किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंची है।
शुक्रवार सुबह अजीतमल थानाक्षेत्र के बाबरपुर-सिकरोड़ी मार्ग पर युवक और फफूंद रोड पर नैभरपुर गांव के पास युवती का शव मिला था। दोनों की हत्या करके यहां फेंका गया था। खुलासे के लिए एसपी ने चार टीमें गठित की हैं। दो टीमें गुरुग्राम में सुराग तलाश रही है। अभी तक पुलिस को घटना से जुड़ा कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस टीमों ने गुरुग्राम से लेकर अजीतमल तक पड़ने वाले टोल व कुछ प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं।
औरैया जिले में पड़ने वाले अनंतराम टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस को चार लोगों के कार में सवार होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस औरैया से लेकर गुरुग्राम तक करीब आधा सैकड़ा स्थानों पर फुटेज देख चुकी है। कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं, जिस पर पुलिस काम कर रही है।
युवक की शिनाख्त घटना के दिन ही हो गई थी लेकिन युवती की पहचान होना अभी बाकी है। पुलिस इस मामले को एक ही घटना से जोड़ कर देख रही है। इधर सर्विलांस टीम मृतक मुकेश के पिता द्वारा दी गईं कुछ जानकारियों को पड़ताल कर रही है। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि अभी तक ऐसे साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिससे हत्यारोपियों की पहचान हो सके। घटना के कारण भी स्पष्ट नहीं हुए हैं। सर्विलांस टीम भी काम कर रही है। खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई हैं।