दिबियापुर (औरैया)। फफूंद चौराहे के पास सराफा की दुकान में सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए दो लाख रुपये का हार चोरी करने वाले अंतर जनपदीय टप्पेबाज महिला व युवक पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी का हार व उपयोग में लाई जा रही कार भी बरामद हुई है। पकड़ी गई महिला आरोपी युवक की मौसी है।
बतादें नौ नवंबर की शाम फफूंद चौराहे के पास पोरवाल ज्वैलर्स की दुकान से लगभग दो लाख रुपये का सोने का हार गायब हो गया था। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि हार एक महिला चुराकर ले गई है। उसके साथ एक युवक भी था। पीड़ित व्यापारी हरीशंकर ने मामले की रिपोर्ट दिबियापुर थाने में दर्ज कराई थी। व्यापारियों ने एसपी से मिलकर जल्द ही खुलासे की मांग की थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला और युवक की कई फोटो अलग-अलग थानों व पुलिस कर्मियों को दी गई थी।
सोमवार को एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि साइबर, स्वाट टीम औरैया व थाना दिबियापुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए थे। सोमवार को उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार अवस्थी व महिला उपनिरीक्षक नीरज शर्मा को सूचना मिली कि पोरवाल ज्वैलर्स की दुकान पर टप्पेबाजी करने वाले महिला और युवक पेट्रोल पंप के पास खड़े हैं।
कहीं जाने की फिराक में हैं। इस पर महिला पुष्पा यादव पत्नी बाबू सिंह यादव निवासी बर्रा कानपुर नगर व पंकज यादव पुत्र विनोद कुमार निवासी गौरी राम प्रसाद दिबियापुर को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला की जामा तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी का हार भी बरामद हुआ। पूछताछ में दुकान से चोरी की बात स्वीकार की।
संभ्रात परिवार की महिला बनकर पहुंचतीं थीं
युवक और उसकी मौसी शातिर टप्पेबाज हैं। दोनों ने सराफा दुकान को निशाना बनाने का जो तरीका बताया, उसके अनुसार युवक और उसकी मौसी पहले शहर में घूमकर पता करते हैं कि किस दुकान पर भीड़ अधिक होती है। इसके बाद संभ्रात घराने की महिला बनकर सराफा की दुकान पर एक कार से युवक के साथ जातीं। यहां युवक निगरानी करता रहता, जबकि महिला भीड़ का फायदा उठाकर लाखों के गहने चोरी कर लेती। दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक विकास राय के अनुसार महिला और युवक ने पनकी, टूंडला, कलक्टरगंज कानपुर समेत कई अन्य स्थानों पर सराफा की दुकानों को निशाना बना चुके हैं।
व्यापारियों ने एसपी, सीओ व टीम का किया सम्मान
दिबियापुर (औरैया)। सप्ताह भर में घटना का खुलासा करने पर व्यापारियों ने खुशी जाहिर की है। साथ ही औरैया पहुंचकर एसपी अभिषेक वर्मा, सीओ सुरेंद्र नाथ व पुलिस टीम का स्वागत किया। भाजपा नेता प्रेम कुमार गुप्ता, दिबियापुर चेयरमैन अरविंद पोरवाल, सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष बारेलाल पाल, रविंद्र पोरवाल, प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय पैराडाइज, मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिश्चंद्र पोरवाल, रामजी पोरवाल, सराफा व्यापारी हरीशंकर पोरवाल, मुकेश पोरवाल आदि शामिल रहे। (संवाद)