फफूंद (औरैया)। अछल्दा-दिबियापुर नहर पर कन्हों के पास दंपति से लूट करने वाले लुटेरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को थाना प्रभारी श्रवण तिवारी ने बताया कि मंगलपुर कानपुर देहात के जगदीशपुर निवासी अंकित अवस्थी 26 मई को बाइक से पत्नी आकांक्षा के साथ अछल्दा स्थित ससुराल से घर जा रहे थे। तभी पाता और कन्हों गांव के बीच बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनसे मारपीट कर दो अंगूठी और एक चेन लूटकर भाग गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
दो महीने पहले पुलिस ने घटना में शामिल एक लुटेरे सुरेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं उसके दूसरे साथी पंकज दोहरे की तलाश कर रही थी। सोमवार रात पुलिस ने दूसरे लुटेरे पंकज दोहरे निवासी गहेसर थाना दिबियापुर को दबोच लिया। उसके पास से 3050 रुपये बरामद हुए हैं। पकड़े गए लुटेरों के खिलाफ लूट के कई मामले अन्य थानों में भी दर्ज हैं। (संवाद)