फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बोलेरो और ट्रैक्टर में भिड़ंत, तीन की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
बेला/सहार (औरैया)। औरैया-कन्नौज मार्ग पर मंगलवार रात बेला थानाक्षेत्र के पुरवा रावत के पास बोलेरो व ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर एएसपी व थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक घायल को अस्पताल भेजने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन

बेला थानाक्षेत्र के पुरवा ललाऊ निवासी सुनील कुमार, पत्नी अर्चना (22), छह माह की बेटी ओमकुमारी व पड़ोसी मोहित (25) पुत्र राधाकृष्ण एक शादी समारोह में शामिल होने कन्नौज के सुक्कापुरवा ठठिया गए थे। मंगलवार देर रात 11 बजे सभी लोग बोलेरो से लौट रहे थे। जैसे ही वह पुरवा रावत और पटना गांव के बीच गिलटानी पुलिया के पास पहुंचे, तभी सहार की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर से बोलेरो की भिड़त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के एक हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। उसमें सवार मोहित, अर्चना व मासूम ओमकुमारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक सुनील घायल हो गया।
पीछे से आ रहे अन्य कार सवारों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। हादसे की खबर पर पहुंचे ग्रामीण व परिजन आक्रोशित दिखे। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के बीच सड़क पर होने के कारण कन्नौज-औरैया मार्ग पर जाम लग गया। हादसे की जानकारी पर एएसपी शिष्यपाल, दिबियापुर और सहार थाने की पुलिस पहुंची। घायल को अस्पताल भेजने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मोहित के पिता राधाकृष्ण ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन

परिजनों ने बताया अर्चना के मौसा भारत सिंह के पुत्र इंद्रपाल की 24 नवंबर को शादी थी। परिवार के लोगों को बुधवार को ही जाना था, लेकिन अचानक तैयारी बनी और सुनील गांव के मोहित को लेकर परिवार के साथ ठठिया कन्नौज के लिए चला गया। मगर देर रात ही लौट आए। लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं।
छह माह में उजड़ा सुहाग
राधाकृष्ण के पुत्र मोहित की मौत से परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मोहित की पत्नी खुशबू के साथ पूरा परिवार बेसुध नजर आया। राधाकृष्ण ने बताया कि बेटे मोहित की 27 मई 2021 को शादी हुई थी। शादी के छह माह बाद ही खुशबू का सुहाग उजड़ गया। हर कोई खुशबू को ढांढस बंधाता रहा।
तीन किलोमीटर लगा जाम
बोलेरो और ट्रैक्टर की भिड़ंत में तीन की मौत की खबर से ललऊपुरवा के साथ आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इधर दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी सड़क पर पड़े रहे। जिस कारण से 11 बजे से एक बजे तक पुरवा रावत से पुरवा तरा तक तीन घंटे जाम लगा रहा।
एक साथ उठीं तीन अर्थियां
ललऊ पुरवा में मंगलवार रात से लेकर बुधवार की शाम तक हर कोई गमगीन दिखा। मोहित, अर्चना और मासूम ओमकुमारी के शव ललऊपुरवा पहुंचे तो लोगों की चीख पुकार मच गई। एक साथ तीन अर्थियां उठीं तो लोग सिसकियां भरते नजर आए। लोग एक दूसरे को ढांढस बंधाते रहे। अर्चना और मोहित के परिवार का बुरा हाल था। आसपास के गांव के लोगों का भी बुधवार सुबह से पीड़ित परिवार के घर मजमा लगा रहा। कई घरों में चूल्हे तक नहीं चले।
हादसे के लिए जानी जाती है गिलटानी पुलिया
पुरवा रावत के पास गिलटानी पुलिया के समीप हादसा कोई पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी कई बार बड़े हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि वजह जो भी हो, लेकिन इस स्थान पर अक्सर हादसे होते हैं। जबकि न तो तीव्र मोड़ है और न रास्ता खराब है। इसके बाद भी आएदिन हादसे होते है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें