औरैया। रविवार को आई सैंपल की रिपोर्ट में दो संक्रमित मिले। दोनों संक्रमित लखनऊ के रहने वाले हैं। जिले में अब तक 111 संक्रमित सामने आ चुके हैं। इसमें 94 स्वस्थ हो गए हैं, दो लोगों की मौत हो चुकी है। इस तरह एक्टिव केस 15 हैं।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि जिले में दो कोरोना संक्रमित नए मिलने की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। संक्रमित व्यक्तियों में एक 45 वर्षीय और दूसरा 32 वर्षीय युवक है। दोनों लखनऊ निवासी है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं, यह अच्छे संकेत हैं। वहीं, नोडल अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि रविवार को 220 सैंपलों को जांच के लिए सैफई भेजा गया है। अब 611 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कुल 6791 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें से 6069 निगेटिव मिले। उन्होंने बताया कि जिले में अब 15 केस एक्टिव हैं। 11 मरीज दिबियापुर कोविड अस्पताल में भर्ती हैं। सीएमओ डॉ.अर्चना श्रीवास्तव ने लोगों से बाहर निकलने पर मास्क लगाने और दो गज दूरी का पालन करने और नियमित अंतराल पर हाथ होने की अपील की है। उनका कहना है कि सतर्कता ही इस महामारी से बचाव है। ऐसे में लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। बिना वजह यात्रा करने से परहेज करें। बाहर मास्क लगाकर ही जाएं।