जानकारी देती भाजपा नेत्री मिथलेश
- फोटो : AURAIYA
फफूंद (औरैया)। भाजपा महिला नेता की दुकान में सादी वर्दी में पहुंचे सिपाही ने गांजा रख दिया। इस मामले में थाने में देर रात तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने जांच कर सिपाही के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया।
भाजपा की फफूंद मंडल मंत्री मिथलेश राजपूत का मुरादगंज तिराहे पर मार्केट है। इसमें उनके पति की किराने की दुकान है। मिथलेश ने बताया कि बुधवार रात आठ बजे के करीब पति कृष्ण मुरारी उन्हें दुकान पर बैठाकर मंदिर चले गए। इस बीच फफूंद थाने में तैनात सिपाही अरविंद चाहर सादी वर्दी में आया और दुकान से धनिया खरीदने की बात कही। सिपाही ने एक पुड़िया में भरा गाजा दुकान में बोरी में रख दिया। इसे देखते ही महिला नेता भड़क गईं। विरोध पर सिपाही अभद्रता करने लगा।
मामला बढ़ता देख भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने बताया कि सिपाही कई बार इस तरह की हरकतें कर लोगों को फर्जी फंसाने का प्रयास कर चुका है। इसको लेकर लोगों ने मुरादगंज तिराहे और थाने में जमकर हंगामा किया। माहौल बिगड़ता देख थाना प्रभारी श्रवण कुमार तिवारी ने कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं भाजपा नेता ने कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत और एसपी अपर्णा गौतम से शिकायत की है।