औरैया। परिषदीय स्कूलों में भोजन की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शहर के पुरानी नुमाइश मैदान में बुधवार को पाक कला प्रतियोगिता हुई। इसमें विभिन्न ब्लाकों व नगर क्षेत्र की 30 रसोइयों ने हिस्सा लिया। आशा कुमारी की राजमा, पूड़ी को पहला स्थान मिला।
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत हुई प्रतियोगिता में औरैया, अजीतमल, भाग्यनगर, अछल्दा, एरवाकटरा, बिधूना, सहार ब्लॉक क्षेत्रों के अलावा नगर क्षेत्र की 30 रसोइयों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगियों को पर्ची के माध्यम से व्यंजन बनाने की जानकारी दी गई। तीन चरण में हुई प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण में 10 रसोइयों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय पसुआ ब्लॉक बिधूना की रसोइया आशा कुमारी ने राजमा और पूड़ी बनाकर प्रथम पुरस्कार जीता। कंपोजिट विद्यालय नौगंवा ब्लॉक सहार की रसोइया रीमा देवी ने आलू, मटर, टमाटर की सब्जी व रोटी बनाकर द्वितीय और प्राथमिक विद्यालय भीखमपुर (नगर क्षेत्र) की रसोइया चुन्नी देवी ने मेथी आलू की सूखी सब्जी व रोटी बनाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने सभी विजेताओं और अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंदना राम इकबाल यादव, जिला समन्वयक मिड-डे मील नमन पांडेय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य शांतिदेवी यादव, खाद्य सुरक्षा विभाग के सुनील कुमार सिंह, हेड सेफ ध्रुव पोरवाल आदि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रहीं आशा कुमारी को 3500 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहीं रीमा देवी को 2500 रुपये और तृतीय स्थान पर रहीं चुन्नी देवी को 1500 रुपये का चेक दिया। इसके अलावा अन्य रसोइयों को 250-250 रुपये का सांत्वना पुरस्कार और 250 रुपये आने-जाने का खर्च दिया गया।