फोटो 23 एयूआरपी 38 - निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर के निरीक्षण के दौरान जानकारी लेते डीएम अभिषेक सिंह।
- फोटो : AURAIYA
औरैया। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित भगौतीपुर भाऊपुर में बन रहे ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय के अंदर कार्य को पूरा कर ट्रॉमा सेंटर को हैंडओवर करने के लिए निर्देश दिए।
ट्रामा सेंटर का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक डीके पाठक ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर कुल दो करोड़ 64 लाख रुपये से तैयार किया जाना है। इसमें ट्रॉमा सेंटर का मुख्य भवन, पंप हाउस, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सबमर्सिबल पंप, बाउंड्री वाल, आरसीसी ओवरहेड टैंक, इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण एवं मिट्टी का कार्य कराया जाना है। उन्होंने बताया कि ट्रॉमा सेंटर का निर्माण चार सितंबर 2020 को शुरू हुआ था जो तीन मार्च 2022 तक पूर्ण किया जाना है।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिए कि ट्रॉमा सेंटर निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं होना चाहिए। यह लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करते हुए समय के अंदर ही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वह ट्रॉमा सेंटर निर्माण के बाद इसकी पूरी तरह से गुणवत्ता जांच ली जाए। जो भी कमी मिले उसे पूर्ण करा कर ही हैंड ओवर लिया जाए।
परियोजना प्रबंधक ने जिलाधिकारी को बताया कि ट्रॉमा सेंटर से मुख्य मार्ग तक जाने के लिए संपर्क मार्ग बनाने में कुछ विवाद है। इस पर जिलाधिकारी ने सदर एसडीएम रमेश चंद्र को निर्देश दिए कि वे समस्त अभिलेख लेकर कार्यालय में प्रस्तुत करें जिससे कि स्थिति को स्पष्ट करते हुए विवाद खत्म कराया जा सके।