फोटो23एयूआरपी 29- नहर पुल पर जाम के बीच रेंगकर गुजरते वाहन।
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर (औरैया)। बाजारों में सहालगी रौनक के बीच वाहनों का रेला सोमवार को पूरे दिन नहर पुल से होकर गुजरता रहा। इससे पूरे दिन नहर पुल पर जाम की स्थिति रही। वाहन रेंगकर गुजरते नजर आए। पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
दिबियापुर में नहर पुल संकरा होने के कारण अक्सर राहगीरों को जाम से दो चार होना पड़ता है। पिछले दिनों जाम की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद सुबह 8 से शाम 8 बजे तक बड़े वाहनों की नो इंट्री को बढ़ाकर रात 10 बजे तक कर दिया गया था। इसके बाद भी नहर पुल पर जाम की समस्या विकराल रूप ले लेती है। सहालग के चलते सोमवार को बाजारों में भीड़ रही। इसके साथ ही लोग शादी विवाह आदि समारोह में जाने के लिए वाहनों से निकले। इसके कारण पूरे दिन नहर पुल पर जाम की स्थिति रही। कई बार भीषण जाम से राहगीरों को दो चार होना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार पूरे दिन जाम के कारण वाहन रेंग-रेंग कर ही गुजरे। इस दौरान थाना पुलिस को जाम खुलवाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।