फफूंद (औरैया)। शेरपुर सरैया भट्ठे के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रक की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर ऐसी थी कि एक ट्रक केबिन पिचक गया।
उसके चालक व परिचालक स्टेयरिंग के पास फंस गए। उन्हें केबिन काटकर बाहर निकाला जा सका। रास्ते से गुजर रहे बरातियों ने डायल 112 पर हादसे की सूचना दी, जिससे पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
शनिवार रात कन्नौज के इंदरगढ़ निवासी ट्रक चालक हुसैन अपने क्लीनर बब्बन के साथ ट्रक लेकर मौरंग लादने जा रहे थे। शेरपुर सरैया गांव के पास भट्ठे के करीब गलत दिशा से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। गलत तरफ से आ रहा ट्रक केबिन को क्षतिग्रस्त करता हुआ निकल गया।
हुसैन व बब्बन केबिन में फंस गए। इस दौरान फफूंद से लौट रहे बरातियों ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही ट्रक में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश करने लगे। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और कटर की मदद से ट्रक की बॉडी काटकर घायल चालक और क्लीनर को बाहर निकाला।
उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि फोरलेन सड़क पर एक ओर की पुलिया टूटी है। उसके मरम्मत का कार्य हो रहा है। इससे एक साइड से ही वाहनों का आना-जाना हो रहा है।
रात बारह बजे के बाद इस मार्ग से मौरंग लादे सैकड़ों ट्रक गुजरते हैं, उनकी गति भी तेज होती है। ऐसी ही तेज गति की वजह से ऐसे हादसे होते रहते हैं।
इनसेट
बरातियों ने बचाई दो जान
कस्बे से राजपुर गई बरात रात लगभग दो बजे उसी रास्ते लौट रही थी। हादसे को देख कर बरात से लौट रहे लोगों ने ट्रक में फंसे ड्राइवर को निकालने की कोशिश की।
जब कोशिश सफल नहीं हुई तो पास मौजूद चक्की वाले से कटर लिया। डीजे के जनरेटर को कनेक्शन देकर कटर से केबिन को काटा गया। डेढ़ घंटे बाद बरात के लोग अपने घर लौटे।
उनकी इस कवायद से चालक व क्लीनर समय रहते अस्पताल पहुंचा दिए गए।