अजीतमल (औरैया)। बाबरपुर कस्बे के भटा रोड पर शनिवार देर शाम बाजार से घर जा रही व्यापारी की पत्नी की चेन बाइक सवार लूट ले गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों की तलाश में जुटी है।
बाबरपुर कस्बे के मोहल्ला विद्यानगर-भटा रोड निवासी संतोष गुप्ता का कस्बे में जूते चप्पल का शो रूम है। शनिवार देर शाम पत्नी विनीता चौराहे से घर जा रही थी। जैसे ही वह भटा रोड स्थित एक दुकान के पास पहुंची तभी बाइक सवार ने गले में झपट्टा मार कर सोने की चेन लूट ली। वह शोर मचाती तब तक बाइक सवार लुटेरे भाग गए।
घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल से 100 मीटर दूर पुलिस पिकेट थी। इसके बाद भी लुटेरे भाग गए। लूट की जानकारी पर अजीतमल कोतवाली पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चेन लूट की जानकारी हुई है। आसपास के घरों सहित दुकान पर लगी सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है।