छत गिरने से कमरे में पड़ा मलवा
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के गांव भटौली में बुधवार तड़के बारिश से एक घर की कच्ची छत गिर गई। मलवे में दबकर पिता और दो माह के मासूम बेटे की मौत हो गई। हादसे में पत्नी और एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन सभी को बाहर निकाला। दो घायलों को सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया। सूचना पर सुबह एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे।
क्षेत्र के गांव भटौली में आनंद कुमार उर्फ सुनील (32) पुत्र किशनलाल अपने दो माह के पुत्र अंकुर के साथ चारपाई पर लेटा था। सुनील की पत्नी आरती देवी (30) बेटी रानी (4) के साथ जमीन पर लेटी थी। रात भर बरसात के बाद सुबह करीब चार बजे उनकी कच्ची छत भरभराकर गिर पड़ी। मलबे में चारों लोेग दब गए। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े। मिट्टी हटाकर सभी को बाहर निकाला। आनन-फानन सभी को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने सुनील व उसके दो माह के बेटे अंकुर को मृत घोषित कर दिया। आरती और रानी को सीएचसी में इलाज चल रहा है।
बाप-बेटे की मौत से घर में कोहराम मचा गया। सूचना पर रिश्तेदार भी आ गए। सुबह एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव व सीओ सुभाष अत्री मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने शव का पंचानामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मजदूरी करके घर चलाता था सुनील
सुनील मजदूरी करके जीवन यापन करता था। जैसे तैसे वह घर की पक्की दीवारें खड़ी करा पाया था। गरीबी के कारण मिट्टी का लेंटर डलवा लिया था। सुनील की मौत घर में कोई कमाने वाला नही बचा है।
दीवार गिरने से वृद्ध की मौत
दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर में घास काट रहे वृद्ध पर कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर उसकी मौत हो गई। दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर निवासी राम प्रकाश (72) पुत्र भूरे लाल बुधवार सुबह नौ बजे मकान के बाहरी हिस्से में मिट्टी की दीवार के पास उगी घास काट रहे थे। इसी दौरान कच्ची दीवार गिर गई। आवाज सुनकर परिजन बाहर आए तो राम प्रकाश मलवे में दबे थे। परिजनों ने राम प्रकाश को बाहर निकाला और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। आराम न मिलने पर परिजन राम प्रकाश को लेकर कानपुर उपचार के लिए रवाना हुए। रास्ते में उनकी मौत हो गई।