रुरुगंज। नंदपुर गांव निवासी विवाहिता की रविवार को जहर खाने से मौत हो गई थी। सोमवार को परिजनों ने गांव में ही महिला का अंतिम संस्कार किया।
मंगलवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मौत का कारण जानने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है। महिला के मायकेवालों ने हत्या का आरोप लगाया था।
नंदपुर निवासी महिला कमलेश (22) का शव सोमवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया था। परिजन व मायके पक्ष के लोग रो-रोकर बेहाल हो गए। देर शाम को परिजनों ने गांव में ही मायके पक्ष के लोगों की मौजूदगी में कमलेश का अंतिम संस्कार करवाया। दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस भी मुस्तैद रही।
ससुरालवालों के अनुसार नंदपुर निवासी योगेश की पत्नी कमलेश ने रविवार को रामनवमी की पूजा के बाद जहर खा लिया था। उपचार के दौरान देर रात को उसकी आगरा में मौत हो गई थी। घटना की जानकारी पर आए मृतका के भाई गौरव निवासी बूढ़ा इंच थाना जरसेल हाथरस ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया था।
थानाध्यक्ष नीरज शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। अभी तक मामले में परिजन की ओर से तहरीर भी नहीं मिली है। तहरीर पर जांच के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।