अछल्दा। पेट्रोल पंप रुपये मांगने पर बाइक सवार पंप कर्मी से भिड़ गए और हवाई फायरिंग कर भागने लगे। इस पर मौजूद लोगों ने पीछा कर आरोपियों को पकड़ा और उनकी जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के पास से तमंचे भी बरामद हुए हैं।
बिधूना रोड पर स्थित गांव चिरहा ग्वारी स्थित चौधरी बदन सिंह पेट्रोल पंप पर शनिवार शाम पहुंचे बाइक सवार दो युवकों ने 15 सौ रुपये का पेट्रोल डलवाया। पंप कर्मी राजवीर ने जब उनसे रुपये मांगे तो वे उससे भिड़ गए।
इसी बीच बाइक सवार तमंचे हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। इस पर पंप पर मौजूद दूसरे बाइक सवार लोगों ने आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी अछल्दा पहुंचाया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को पकड़ा गया है। तलाशी में उनके पास से दो तमंचे भी बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम बीसरपुर निवासी ईशु शुक्ला व अभिषेक बताया है। फायरिंग की घटना से इंकार करते हुए बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।