कपडे़ की दुकान पर कार्ड स्वाइप करता दुकानदार।
- फोटो : अमर उजाला
कैशलेस व्यवस्था में इंटरनेट का ग्रहण लग गया है। जिले के कई दुकानदारों ने पेटीएम और स्वाइप मशीन का प्रयोग तो शुरू कर दिया लेकिन इंटरनेट के बाधित होने से इन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे एक ग्राहक से भुगतान लेने में करीब आधा घंटा लग जाता है।
शहर में एक दर्जन से अधिक कपड़ा, इलेक्ट्रानिक की दुकानों, फर्नीचर शोरूम, पेट्रोल पंप व अन्य जगहाें पर दुकानदारों ने स्वाइप मशीनें और पेटीएम से पेमेंट लेने की व्यवस्था की है। इंटरनेट बाधित रहने से इन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। स्वाइप मशीन रखने वाले दुकानदारों का कहना है कि स्वाइप कार्ड से पेमेंट लेते समय इंटरनेट बाधित होने पर 20 से 30 मिनट लग जाते हैं। इससे बाकी ग्राहक चले जाते हैं।
परेशान होते पेट्रोल भरवाने वाले
इटावा रोड पर एस्सार पेट्रोल पंप पर स्वाइप मशीन की व्यवस्था की गई है। यहां पेट्रोल व डीजल लेने वाले लोगों को बार-बार कार्ड स्वाइप करना पड़ता है। इसके बाद भी भुगतान नहीं होता।
नेट बाधित रहता
दिबियापुर रोड पर बरसइयां वस्त्र भंडार पर भी स्वाइप मशीन से भुगतान की व्यवस्था है। दुकानदार रामकिशोर व बंटू बरसइयां ने बताया कि अक्सर नेट बाधित रहने से ग्राहकों से भुगतान लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।