कंचौसी (औरैया)। कस्बा स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में नकदी का संकट हो गया है। तीन दिनों से खाताधारक परेशान हैं। सोमवार को सुबह से लेकर दोपहर तक लोग बैंक में नकदी पाने के लिए डटे रहे लेकिन बाद में उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
सहालग के समय शादी वाले घरों से लेकर व्यापारियों तक को नकदी की दरकार है। बैंक में नकदी निकासी के लिए पहुंचे ग्रामीण संजीव कुमार, पंकज कुमार, बब्बी, राजू कुमार, मोहित सिंह, दीपक पांडेय, प्रदीप सविता सहित अन्य लोगों ने बताया कि रुपये निकालने के लिए बैंक में सुबह ही पहुंच गए थे। लेकिन दोपहर होने के बाद भी नकदी नही मिली। बैंक कर्मी सुबह से ही औरैया से नकदी आने की बात कहते रहे।
ऐसे में परिवार की जरूरत पूरा करने व व्यापार चलाने में मुश्किल हो रही है। लोगों ने कहा कि शुक्रवार व शनिवार को भी बैंक में नकदी की किल्लत थी। शाखा प्रबंधक मनीष कटियार ने बताया कि औरैया स्थित मुख्य शाखा से कैश मिलते ही बैंक को नकदी उपलब्ध कराई जाएगी।