फोटो 14 एयूआरपी 06 चोरी के बाद घर में बिखरा सामान। संवाद
फफूंद। गांव नियामतपुर बिहारी स्थित पंचायत सचिवालय व बंद घर से चोरों ने नकदी व सामान पार कर दी। सुबह जागने पर लोगों को जानकारी हुई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच करने के बाद पीड़ित से पूछताछ की गई। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
गांव स्थित पंचायत सचिवालय में बुधवार रात चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा। इसके बाद अंदर जाकर कार्यालय का ताला तोड़ दिया। वहां रखे इनवर्टर, दो बैटरी, एलसीडी व सीसी कैमरे की डीवीआर चोरी कर ले गए। प्रधान प्रीति कुमारी और पंचायत सहायिका रुचि ने पुलिस को सूचना दी। वहीं घटनास्थल से कुछ दूर विकास के घर सूने घर चोरों ने धावा बोला।
यहां चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर जेवर व नकदी पार कर दी। घटना की जानकारी के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। विकास के भतीजे दिव्यांश ने पुलिस को बताया कि घटना के समय घर बंद था। चाची अंकिता कंचौसी स्थित मायके गई थी। चोरों ने 60 हजार रुपये नकद व जेवर पार कर ले गए हैं।
अंकिता का कहना है कि अलमारी में करीब सात लाख रुपये के जेवर थे। पंचायत सचिवालय में घटना को लेकर प्रधान ने तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल मामले में तहरीर नहीं मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।