फजलगंज डिपो की रोडवेज बस कानपुर से सवारियां लेकर इटावा जा रही थी। जैसे ही बस मुरादगंज कस्बे में ओरब्रिज के पास पहुंची तभी चालक ने सवारियां उतारने के लिए अचानक से ब्रेक लगा दी। इसी बीच औरैया से आ रही कार रफ्तार तेज होने के कारण बस में जा घुसी। हादसे में कार सवार छह लोग बुरी से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की। तब तक कार में सवार रविकांत दीक्षित (36) पुत्र प्रताप बाबू निवासी करनपुरा जनपद इटावा व उनके साथी विवेक यादव (35) पुत्र राम सिंह निवासी शांति विहार इटावा की मौत हो गई। वहीं कार में रविकांत की पत्नी आकांक्षा (28) व विवेक की पत्नी नीतू (26) बेबू (6) व सोलू (3) बुरी तरह से घायल हो गए।
कार में फंसे लोगों को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर एएसपी शिष्यापाल भी मौके पर जा पहुंचे। सभी घायलों को सीएचसी अजीतमल भेजा गया। जहां से हालत गंभीर देख सभी को सैफई रेफर किया गया है। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि कार सवार सभी लोग औरैया के साईं मंदिर में घूमने के लिए आए हुए थे। रविकांत और विवेक दोस्त है, दोनों प्रापर्टी का एक साथ काम करते हैं। एएसपी शिष्यपाल ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार कराकर सैफई रेफर किया गया है। बस की सवारियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए भेजा गया है। बस पुलिस कब्जे में है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।