औरैया। पिता की अंगुली पकड़ने के लिए उसके पीछे-पीछे भागा मासूम पुत्र दीपक शुक्रवार दोपहर हादसे का शिकार हो गया। पिता पीछे आ रहे पुत्र को देख नहीं पाया और जालौन रोड पार करने के दौरान प्राइवेट बस ने दीपक को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उरई निवासी राजवीर पाल सदर ब्लॉक में चालक है। सदर कोतवाली क्षेत्र में स्टेट हाईवे अंतर्गत जालौन रोड पर वह कल्लू मिश्रा के मकान में किराये पर रहता है। शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे वह घर से सड़क पार कर दूसरी तरफ जा रहा था। इस बीच उसका चार वर्षीय मासूम पुत्र दीपक उसके पीछे भागता हुआ सड़क पार करने लगा।
इस दौरान जालौन की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया। दीपक बस में फंसकर लगभग 10 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। मासूम पुत्र को मृत देख पिता समेत मां व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। घटना से उत्तेजित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सड़क के बीच बस खड़ी होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि बस के मालिक व चालक का पता किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने पर संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट की जाएगी।