बेला। बिधूना मार्ग स्थित गांव बांधमऊ में बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दो सगे भाइयों के बीच मारपीट हो गई। बीच बचाव करने पहुंचे ग्रामीण को एक भाई ने पीट दिया। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
गांव बांधमऊ निवासी मूलचंद राजपूत व भाई हरगोविंद के बीच किसी बात को लेकर सड़क पर मारपीट हो गई। यह देख गांव निवासी बब्लू उर्फ वीरेंद्र कुमार बीच बचाव करने पहुंच गए। वहां मूलचंद्र ने बब्लू को ही पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे गुस्साए अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी मूलचंद्र को पीटने लगे। इससे बिधूना रोड पर आवागमन बाधित हो गया।
सूचना पर थानाध्यक्ष गंगादास गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मूलचंद्र और वीरेंद्र को थाने ले गए। ग्रामीणों को समझाकर सड़क खाली कराई। पुलिस ने तीनों घायलों को बेला सीएचसी भेजा। बाद में पुलिस ने वीरेंद्र की तहरीर प्राथमिकी दर्ज की। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि आरोपी मूलचंद्र के खिलाफ शांतिभंग में चालान कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।