मोबाइल फोन से परिजनों को हादसे की जानकारी देती घायल अवनी
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल। जालौन से शादी में शामिल होकर रविवार सुबह इटावा जा रहे बाइक सवार भाई-बहन को फूटा कुआं चौराहे के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तभी उधर से गुजर रहे डीएम रुके और अपनी गाड़ी से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जालौन के शेखपुर अहीर गांव, कुठौंद निवासी लल्लूराम के बेटे अविनाश वर्मा की शनिवार को शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए इटावा के बहेड़ा गांव, बकेवर से बहन आकांक्षा व बहनोई अवनीश समेत अन्य रिश्तेदार पहुंचे थे। रविवार को शादी संपन्न होने पर अविनाश अपनी छोटी बहन अवनी के साथ स्कूटी से इटावा जा रहा था। पीछे दूसरी स्कूटी से बहन आकांक्षा व बहनोई अवनीश भी आ रहे थे।
अजीतमल क्षेत्र के अनंतराम टोल प्लाजा से पहले फूटा कुआं चौराहे पर अविनाश की स्कूटी में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में अविनाश व उसकी छोटी बहन अवनी घायल होगए। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को दी पर काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची।
इसी बीच जिलाधिकारी पीसी श्रीवास्तव, एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह, तहसीलदार हरिश्चंद्र आदि के साथ किसी काम से इटावा की तरफ जा रहे थे। हाईवे पर घायल पड़े भाई-बहन को देख डीएम ने गाड़ी रुकवाई और अपनी गाड़ी से दोनों को सीएचसी अजीतमल भिजवाया। जहां एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह व तहसीलदार हरिश्चंद्र की निगरानी में दोनों घायलों को डॉ. मनीष पुरवार ने प्राथमिक चिकित्सा उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया।
फोटो-12एयूआरपी- 07 सड़क हादसे में घायल अविनाश को अस्पताल ले जाते डीएम के होमगार्ड। संवाद- फोटो : AURAIYA