बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के गांव बंथरा में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। इससे दोनों पक्षों से छह लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
गांव निवासी प्रशांत सिंह सेंगर और सुखेंद्र सिंह बाइक से बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव में चल रहे वाल्मीकि समाज के एक शादी समारोह के पास उनकी बाइक निकालने को लेकर कहासुनी हो गई। इससे विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। एक दूसरे पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। इसमें प्रथम पक्ष से प्रशांत व सुखेंद्र तथा दूसरे पक्ष के मोनू, संजय, ऋषि और सोनू घायल हो गए। एक पक्ष के प्रशांत का आरोप है कि शादी समारोह में दो पक्ष आपस में विवाद कर रहे थे। उसी दौरान उनके ऊपर अचानक ईंट फेंकी गई। इससे वे घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के संजय ने बताया कि उनकी नातिन की शादी थी और बरात की विदाई के बाद भोजन की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही बाइक चलाने पर टोका तो प्रशांत पक्ष विवाद पर उतर आया और पथराव शुरू हो गया।
कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों के घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में कराया जा रहा है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अभी किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। (संवाद)