औरैया। सालों के इंतजार के बाद जिले को नए साल की पहली तारीख में ब्लड बैंक की सौगात मिलेगी। वृहद रक्तदान शिविर के साथ ब्लड बैंक की सुविधा सभी के लिए शुरू होगी। रक्तदान शिविर में रेडक्रॉस सोसायटी का सहयोग लिया जाएगा। समाजसेवी संगठन भी रक्तदान शिविर में जुट गए हैं।
दरअसल, शहर स्थित 50 शैया युक्त जिला अस्पताल को केंद्रीय टीम ने जुलाई 2024 को ब्लड बैंक का लाइसेंस जारी किया था। जिले की लगभग 15 लाख की आबादी को ब्लड बैंक की सौगात मिली है। बता दें कि जिले में ब्लड बैंक की स्थापना 50 शैया अस्पताल में वर्ष 2013 में की गई थी। उस समय पैथाेलॉजिस्ट के पद पर डॉ. सुधीर कुमार तैनात थे, लेकिन पांच जून 2013 को उनका स्थानांतरण हो गया। इसके बाद किसी पैथाेलॉजिस्ट की तैनाती नहीं की गई। इसके चलते ब्लड बैंक में ताला पड़ गया।
जुलाई माह में लाइसेंसिंग एंड कंट्रोलिंग अथॉरिटी उत्तर प्रदेश शशि मोहन गुप्ता ने संयुक्त जिला अस्पताल औरैया के नाम 10 जुलाई 2024 से नौ जुलाई 2029 तक के लिए लाइसेंस जारी किया। अब अस्पताल प्रशासन की ओर से एक जनवरी 2025 को ब्लड बैंक के शुभारंभ को हरी झंडी दे दी गई।
बोले जिम्मेदार-
‘एक जनवरी को वृहद रक्तदान शिविर के साथ ब्लड बैंक का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उद्घाटन की औपचारिकता बाद में पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। समाज सेवी संगठन रेड क्रॉस सोसायटी व अन्य से सहयोग लेते हुए कवायद पूरी की जाएगी।’
-डॉ. मंजू सचान, सीएमएस, 50 शैया जिला अस्पताल