औरैया। चालकों की मनमानी पर रोक लगाने और यात्रियों को बेहतर सुविधा के लिए रोडवेज बसों में जीपीएस (ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम) लगाने की कवायद शुरू हो चुकी है। माह के अंत तक डिपो की सभी बसें जीपीएस से लैस नजर आएंगी। 49 बसों में जीपीएस लगाया जा चुका है। 21 बसों में कवायद जारी है। वहीं यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी यह डिवाइस अहम योगदान निभाएगी।
औरैया डिपो में विभिन्न मार्गों पर संचालन के लिए कुल 70 बसें हैं। इनमें अधिकांश बसें पुरानी हैं। रोडवेज की बसों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निगम की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत सभी बसों में पैनिक बटन के साथ जीपीएस सिस्टम लगाने का फरमान जारी किया गया है। निगम के जारी दिशा निर्देशों के तहत डिपो की बसों में जीपीएस लगाने का काम तेजी से चल रहा है। बस में सवार यात्री किसी तरह का खतरा भांपकर फौरन पैनिक बटन दबा सकेगा। संदेश नजदीकी पुलिस स्टेशन पर पहुंचेगा।
डिसप्ले बोर्ड पर दिखेगी लाइव लोकेशन
बसों की लाइव लोकेशन सीधे यात्री भी देख सकेंगे। रोडवेज पर पूछताछ केंद्र के पास लगी एलईडी में बसों की लाइव लोकेशन दिखेगी। अधिकारियों के साथ ही यात्री भी इसे देख सकेंगे।
बोले जिम्मेदार
‘डिपो में शेष 21 बसों में जीपीएस सिस्टम लगाने की प्रक्रिया चल रही है। प्रयास है कि इस माह के अंत तक शेष बसों में भी जीपीएस सिस्टम लगाकर तैयार कर लिया जाए। ’ - अपर्णा मीनाक्षी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, औरैया रोडवेज डिपो