ब्लाक कार्यालय अजीतमल में शुक्रवार को ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र कुमार यादव व उनके साथ आए लोगों ने इंचार्ज कैशियर की पिटाई कर दी। कर्मचारी को पीटे जाने से गुस्साए राज्य कर्मचारी संघ ने आरपार की लड़ाई का ऐलान कर दिया। संगठन के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक ब्लाक का कार्य बहिष्कार किए जाने की घोषणा की है।
शुक्रवार को बीडीसी सदस्यों को मानदेय बांटने का कार्य चल रहा था। इधर ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र यादव बैठक में भाग लेने को आए थे। तभी किसी बात को लेकर ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र यादव की ब्लाक कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक शशि भूषण सिंह से कहासुनी हो गई।
शशिभूषण का आरोप है कि ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र यादव समेत दो अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। कैश का 20 हजार रुपये भी ले गए। इधर पुलिस को सूचना देने के तीन घंटे बाद पुलिस के पहुंचने से कर्मचारी और अधिक आक्रोशित हो गए।
कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ब्लाक अध्यक्ष अरविंद कटियार व सचिव भानु प्रताप ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई व गिरफ्तारी न होेने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। लिपिक ने घटना की लिखित तहरीर अजीतमल कोतवाली में दी है।
बीडीसी सदस्यों व लिपिक के बीच मारपीट हुई है। वह विधायक जी के पास बैठे थे। उनका इस झगडे़ से कोई लेना देना नहीं है।- देवेंद्र यादव (ब्लाक प्रमुखपति, अजीतमल)