एरवाकटरा। क्षेत्र के किशनी रोड पर स्थित पावर हाउस के नजदीक सोमवार दोपहर वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। उसे सीएचसी एरवाकटरा में प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नगला हरीराम गांव निवासी जयकरन का 20 वर्षीय पुत्र मिथुन सोमवार दोपहर करीब 3 बजे बाइक से घर से एरवाकटरा किसी काम से जा रहा था। जैसे ही बाइक किशनी रोड पर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास पहुंची तभी एरवाकटरा की ओर से आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
राहगीरों की सूचना पर बेहोशी की हालत में पुलिस उसे सीएचसी एरवाकटरा लेकर पहुंची। परिजनों को घटना के बारे में सूचना दी। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई रेफर कर दिया गया, लेकिन मिथुन ने हॉस्पिटल पहुंचकर दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।