औरैया। शहर के मोहल्ला गायत्री नगर के बाशिंदों को वर्षों बाद बिजली समस्या से निजात मिलेगी। अभी तक उपभोक्ताओं को शहरी क्षेत्र के टैरिफ के हिसाब से बिल देने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र के रोस्टर के मुताबिक बिजली मिल रही थी। उपभोक्ता लगातार फीडर बदले जाने की मांग कर रहे थे। डीएम से मंजूरी मिलने के बाद मोहल्ले को शहरी फीडर से जोड़ने का काम शुरू हो गया है।
जिला विद्युत विकास निधि के तहत शहर के मोहल्ला गायत्री नगर के उपभोक्ताओं को सालो पुरानी गंभीर समस्या से निजात मिलने की आस जगी है। गुरुवार से विभाग ने लाइन बदलने का काम शुरू कर दिया है। अभी तक गायत्री नगर को ग्रामीण फीडर आनेपुर से विद्युत आपूर्ति दी जा रही थी। इसे यहां के बाशिंदे पिछले ढाई सालों से विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायती पत्र व ज्ञापन देकर शहरी क्षेत्र के फीडर से जोड़े जाने मांग कर रहे थे।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की मांग पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। तीन माह पहले लोगों ने समस्या को लेकर आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद अधिकारियों ने जिला विद्युत विकास निधि से मिले बजट से मोहल्ले में खंभे व तार खिंचवाने का काम शुरू कराया। जेई विवेक खरे ने बताया कि सालों पुरानी इस समस्या से अब जाकर उपभोक्ताओं को निजात मिल सकी है।