औरैया। फतेहपुर-करमपुर निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न करने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि वह तीन माह के गर्भ से है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली पुलिस को प्रीती निवासी फतेहपुर-करमपुर ने बताया कि उसकी शादी छह साल पहले गोपाल पुत्र पन्नालाल से हुई थी। एक साल के बाद से ही उसके पति व जेठ विनीत उर्फ चुनू व चुनू की पत्नी, सास, ससुर दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। उसने मना कर दिया तो उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। प्रताड़ना ज्यादा बढ़ गई तो उसके मायके वालों नेपति को 50 हजार रुपये व कुछ जेवरात दिए। इनको आज तक पति ने वापस नहीं किया। बताया कि वह तीन माह की गर्भवती है। उसकी बहन भी उसके घर आई हुई थी।17 जून को उसके पति व अन्य ससुरालीजनों ने उसको मारापीटा। बहन ने जब बचाने का प्रयास किया तो उन लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। भाई सोनू बाथम पुत्र राजेश कुमार ने बताया कि उसके बहनोई के पास खुद का ट्रैक्टर है। वह खुद उसे चलाता है। जब उन लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वह अपनी बहन की ससुराल पहुंचे। ससुरालीजनों ने उनके साथ भी मारपीट करने का प्रयास किया। जिस बाइक से पहुंचे थे उसको भी पंक्चर करने लगे लेकिन ग्रामीण बीच में आ गए। बताया कि उसके पति ने उसके गर्भ को गिराने की धमकी दी है। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस से मामला दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर जांच शुरू कर दी गई है।