गिरफ्तार आरोपियों से बरामद सोने-चांदी के आभूषण व असलहे
- फोटो : AURAIYA
औरैया। बिधूना कोतवाली पुलिस ने बावरिया गिरोह के सात बदमाशों को पकड़ा है। बदमाशों ने इटावा और कानपुर देहात में सराफा दुकानों से जेवर और नगदी चुराने की बात स्वीकार की है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, असलहे व कार बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि बिधूना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशांक राजपूत व एसआई राजेश कुमार सिंह ने सीओ बिधूना मुकेश प्रताप सिंह के साथ कसबा स्थित एक डिग्री कालेज के पास से चोरी की योजना बना रहे सात अपराधियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 16 सितंबर को इटावा जिले के बकेवर व 18 सितंबर को कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में सराफा दुकानों से चोरी की थी। एसपी ने बताया कि सभी आरोपी बावरिया गैंग के हैं।
उन्होंने अपना नाम नगला मारवाड़ी थाना एरवाकटरा निवासी सुखदेव, कुकरकाट निवासी अभिषेक सिंह, बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी ब्रजेश कुमार व मुकेश कुमार, बदायूं के कारदचौक थाना क्षेत्र के गांव धनुपुरा निवासी नेतराम व रमेश बताया है।
ये माल बरामद
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से आभूषण, दो किलो 350 ग्राम चांदी, 80 ग्राम सोने के आभूषण, 69,800 रुपये, एक इनवर्टर, एक एलईडी, दो तमंचे व 20 कारतूस, नकब लगाने के लिए लोहे की चार रॉड, एक कटर, तीन आरी, एक रेती, मोबाइल व तार कटर बरामद हुआ है।