फोटो-31- बुलडोजर से होती गड्ढे की सफाई।संवाद
अयाना। थाना क्षेत्र के गांव ततारपुर कलां में शनिवार को ग्रामीणों ने अरविंद सेंगर के घर के पास मौजूद पानी भरे गड्ढे में मगरमच्छ के बच्चे देखे थे। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पंपिंग सेट से गड्ढे का पानी निकलवाना शुरू किया था। गड्ढे में कीचड़ व झाड़ियां होने के चलते मगरमच्छ के बच्चे पकड़ में नहीं आ सके।
रविवार को वन दरोगा अभिषेक मिश्रा व रेंजर धर्मवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से गड्ढे से झाड़ियां व कीचड़ हटवाया। गड्ढे का पानी और कम करवाने के लिए पंपिंग सेट दोबारा चालू करवाया। इसके साथ गड्ढे में मगरमच्छ के बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन शाम चार बजे तक टीम को सफलता नहीं मिली।
इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। वन दरोगा ने बताया कि वन्यजीवों की मैनुअल तरीके से तलाश की जा रही है। जल्द ही वन्यजीवों को पकड़ कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा।(संवाद)