फोटो-25- घटना के बारे में पूछताछ करते चौकी प्रभारी। संवाद
कंचौसी। दिबियापुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने एक रिटायर्ड फौजी के सूने मकान से रुपये व जेवर पार कर दिए। घर पहुंचने पर परिजन को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।
गांव मधवापुर निवासी रिटायर्ड फौजी प्रमोद कुमार परिवार के साथ कानपुर में रहकर नौकरी करते हैं और सप्ताह में एक-दो बार ही गांव आते हैं। शुक्रवार रात मकान में ताला बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में घुस आए और अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर अलमारी में रखे एक किलो चांदी के जेवर, छह तोला सोना तथा एक लाख रुपये ले गए। शनिवार रात जब प्रमोद कुमार कानपुर से घर पहुंचे, तो अंदर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।
उन्होंने कंचौसी चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मकान मालिक और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि चोरी की घटना के बाद चौकी पुलिस जांच में जुटी है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
फोटो-25- घटना के बारे में पूछताछ करते चौकी प्रभारी। संवाद