दिबियापुर। इंस्पायर अवार्ड के लिए जारी सूची में वैदिक इंटर कॉलेज के सचिन और मुस्कान को शामिल किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर दोनों को सम्मानित किया गया। दोनों को उनके आइडिया से संबंधित उपकरण बनाने के लिए 10-10 हजार रुपये मिलेंगे।
प्रधानाचार्य विजय एवं विज्ञान शिक्षक मोहित सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत पूरे देश के बच्चों से आइडिया लिए जाते हैं। इस योजना के तहत 15 अक्तूबर तक कक्षा छह से 10 तक के पांच बच्चों के आइडिया नोडल अधिकारी मोहित सिंह के माध्यम से वेबसाइट पर अपलोड किए गए थे। बच्चों ने दैनिक जीवन को सरल बनाने वाले आइडिया भेजे थे।
बताया कि शुक्रवार को जारी हुई सूची में वैदिक इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र सचिन श्रीवास्तव व छात्रा मुस्कान के आइडिया चयनित हुए हैं। अब इनके आइडिया का मॉडल बनाने के लिए उन्हें 10 हजार रुपये मिलेंगे। छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुयश शुक्ल, प्रधानाचार्य विजय, शिक्षक सीपी कुशवाहा, बीना शर्मा, अजय मिश्रा, अमीनुद्दीन, सुशील कुशवाहा, देवेंद्र कुमार आदि शिक्षकों ने शुभकामनाएं दीं।
इधर, शुक्रवार को जारी हुई सूची में औरैया जिले के कुल 12 छात्र-छात्राएं इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित हुए हैं। इनमें गेल डीएवी से तीन, पब्लिक इंटर कॉलेज बिधूना से तीन, वैदिक इंटर कॉलेज दिबियापुर से दो, जनता इंटर कॉलेज अजीतमल एवं जनता इंटर कॉलेज सल्हापुर का एक-एक छात्र चयनित हुआ है।
जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए यंत्र बनाना चाहती हैं मुस्कान
इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित छात्रा मुस्कान आवारा जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए यंत्र बनाना चाहती है। वह ऐसा सेंसर तैयार करना चाहती है, जो खेत में लगा होगा। जैसे ही कोई जानवर खेत में घुसेगा तो सेंसर की मदद से लाउडस्पीकर के माध्यम से जानवरों को डराने वाली आवाज निकलेगी।
तेज आवाज सुनकर जानवर खेतों से भाग जाएंगे। इससे फसल की सुरक्षा हो सकेगी। जबकि छात्र सचिन श्रीवास्तव वाहनों के लिए एक ऐसा उपकरण तैयार करना चाहता हैं, जो दुर्घटना के बाद तुरंत पास के थाने एवं अस्पताल को सूचित कर देगा। जीपीएस के माध्यम से भेजे जा सकने वाले मैसेज के माध्यम से दुर्घटना में घायल लोगों की जान बच सकेगी।